कॉलर को करें ब्लॉक, स्कैमर से बचें, इस फोन सेटिंग को करें इनेबल
आज स्मार्ट होती दुनिया में लगभग हर जेब में स्मार्टफोन पहुंच गया है। फोन कॉल, टेक्सट मैसेज, सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग जैसी चीजों के लिए हर कोई स्मार्टफोन का इस्तेमाल करता है।
स्मार्टफोन ने जिंदगी आसान की है, लेकिन सिरदर्द भी कम नहीं किया है। जब देखो तब, कोई-न-कोई कॉल करके कभी क्रेडिट कार्ड, कभी स्मार्ट कार्ड, कभी पर्सनल लोन तो कभी कुछ और बेचता रहता है। आप किसी बेहद जरूरी काम के बीच हैं, तभी फोन की घंटी बजेगी और फोन उठाते ही सामने वाला बिजली की रफ्तार से शुरू हो जाएगा, "हमारी कंपनी आपको लाइफ टाइम फ्री क्रेडिट कार्ड ऑफर कर रही है।"
कभी ये लॉटरी जीतने की खबर सुनाते हैं, तो कभी एक आसान से सवाल का जवाब देकर फलां पुरस्कार जीतने का वादा करते हैं। ये कॉल आमतौर पर टेलीमार्केटिंग कॉल होते हैं। इन्हें टेलीकम्युनिकेशन की भाषा में 'स्पैम कॉल' कहते हैं।
हाल ही में इसे लेकर कम्युनिटी सोशल प्लेटफॉर्म 'लोकल सर्किल' के द्वारा एक सर्वे किया गया। सर्वे में देश भर के 60 हजार मोबाइल यूजर्स को शामिल किया गया।
इस सर्वे में शामिल 60% लोगों ने कहा कि उनके फोन पर हर दिन तीन या उससे ज्यादा स्पैम कॉल आते हैं। जबकि सिर्फ 6% लोग ही ऐसे थे, जिनके पास ऐसी कोई कॉल नहीं आई थी।
इसलिए आज जरूरत की खबर में बात करेंगे स्पैम कॉल और मैसेज की। साथ ही जानेंगे कि-
• स्पैम कॉल या मैसेज क्या होते हैं?
• स्पैम कॉल से कैसे बच सकते हैं?
• आपका नंबर इन लोगों के पास आता कहां से है?
एक्सपर्ट- राहुल मिश्रा- साइबर एडवाइजर (यूपी पुलिस)
आगे बढ़ने से पहले ग्राफिक की मदद से लोकल सर्किल के सर्वे को समझते हैं।
सवाल- स्पैम कॉल या मैसेज क्या होते हैं?
जवाब- स्पैम कॉल या मैसेज किसी अनजान नंबर से लोगों को किए जाने वाले कॉल या मैसेज होते हैं। जिसमें लोगों को लोन लेने, क्रेडिट कार्ड लेने, लॉटरी लगने, किसी कंपनी की कोई सर्विस या सामान खरीदने का झांसा दिया जाता है। यह सभी कॉल या मैसेज आपकी अनुमति के बिना की जाती हैं।
सवाल- किन लोगों को स्पैम कॉल ज्यादा आ सकते हैं?
जवाब - आमतौर पर स्पैम कॉल उन लोगों को ज्यादा आते हैं, जो स्पैम कॉल उठाते हैं और उसका जवाब देते हैं। स्पैम कॉल का जवाब देने से आपका नंबर कंपनी के पास उन नंबरों की लिस्ट में जुड़ सकता है, जो उनका फोन आमतौर पर उठाते हैं और रिस्पांस देते हैं। क्योंकि ऐडवर्टाइजमेंट कंपनियां या स्कैमर्स सोचते हैं कि इन लोगों को कभी-न-कभी निशाना बनाया जा सकता है। इसलिए आप जितना कम स्पैम के जाल में फंसेंगे, आपको उतनी ही कम स्पैम कॉल आएंगी।
सवाल- इन कंपनियों के पास आपका मोबाइल नंबर आता कहां से है?
जवाब- ज्यादातर लोगों के मन में यही सवाल उठता है कि मैंने इस कंपनी की कोई कोई सर्विस नहीं ली तो कंपनी के पास मेरा मोबाइल नंबर आखिर कहां से पहुंचा। दस असल यूजर ही अपने मोबाइल नंबर जाने-अनजाने में इन कंपनियों तक पहुंचाते हैं। कुछ ऐसी कंपनियां हैं, जो थर्ड पार्टी को आपका मोबाइल नंबर या ईमेल ID, उम्र या आपके शौक जैसा आपका पर्सनल डेटा बेचती हैं। जब आप किसी सर्विस के लिए साइन अप करते हैं तो कुछ कंपनियां अपनी टर्म्स एंड कंडीशन में इस बात का जिक्र करती हैं कि वे आपके डेटा का इस्तेमाल ऐडवर्टाइजमेंट के लिए या थर्ड पार्टी के साथ शेयर करने के लिए कर सकती हैं, लेकिन हममें से कोई कभी वो टर्म्स एंड कंडीशन पढ़ने की जहमत कहां उठाता है।
जैसेकि-
• जब भी हम कोई सोशल मीडिया अकाउंट बनाते हैं तो वहां अपना नंबर रजिस्टर करते हैं।
• जब हम प्ले स्टोर से कोई ऐप डाउनलोड करते हैं तो उसे अपने फोन नंबर समेत अपने पूरे फोन को एक्सेस करने की परमिशन देते हैं।
• किसी मॉल या शॉपिंग वेबसाइट से खरीदारी करते समय अपना मोबाइल नंबर दर्ज करते हैं।
• अपना फोन नंबर इंटरनेट पर किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, वेबसाइटों पर बिना जांचे-परखे डाल देते हैं।
यहीं से ये कंपनियां आपके नंबर को दूसरी कंपनियों को बेच देती हैं। जिसके बाद एडवर्टाइजमेंट कंपनियां आपको कॉल या मैसेज भेजने लगती हैं।
सवाल- स्पैम कॉल से कैसे बच सकते हैं?
जवाब- स्पैम कॉल से बचने के लिए नीचे दिए टिप्स को अपना सकते हैं।
सवाल- स्पैम कॉल आने पर क्या सावधानियां बरतनी चाहिए?
जवाब- स्पैम कॉल को पहचानना आसान नहीं है क्योंकि ये नंबर सामान्य मोबाइल नंबर से मिलते-जुलते होते हैं। इसलिए अगर गलती से आपने स्पैम कॉल को उठा लिया है तो कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। जैसेकि-
• अगर आपके पास कोई ऐसा फोन आता है, जिसमें कॉल करने वाला खुद या AI रिकॉर्डिंग के जरिए कोई नंबर दबाने के लिए कहे तो तुरंत फोन काट दें, क्योंकि स्कैमर्स आपसे जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए इस ट्रिक का उपयोग करते हैं।
• फोन कॉल में पूछे जा रहे किसी भी सवाल का जवाब न दें। खासकर उन सवालों का, जिसका जवाब "हां" या "ना" में दिया जा सकता है।
• अगर किसी अनजान कॉल को लेकर आपको कोई संदेह हो तो कभी भी पर्सनल जानकारी जैसे खाता नंबर, हॉबी, उम्र या पहचान से जुड़ी कोई जानकारी न दें।
• आपके पास कोई ऐसी कॉल आती है, जिसमें कॉलर द्वारा बैंक या किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी होने का दावा करके आपसे पर्सनल डिटेल मांगी जा रही है तो तुरंत फोन काट दें।
• सत्यापन के लिए बैंक या सरकारी एजेंसी की वेबसाइट पर दिए गए फोन नंबर पर कॉल करें। किसी वैलिड सोर्स से फोन कॉल आने से पहले आमतौर पर ईमेल या मैसेज प्राप्त होता है।
• अगर फोन कॉल पर आपसे कोई पर्सनल जानकारी तुरंत देने के लिए दबाव डाला जा रहा है तो सावधानी बरतें।
सवाल- स्पैम कॉल या मैसेज को कैसे ब्लॉक कर सकते हैं?
जवाब- हाल ही में भारत सरकार की संस्था टेलीकॉम
रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने TRAI DND 3.0 नाम से एक ऐप लॉन्च किया है। इसके जरिए यूजर्स अनजान नंबरों से आने वाली कॉल्स को ब्लॉक कर सकते हैं।
इसके अलावा 1909 पर एक SMS भेजकर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
इसके अलावा कई फोन सर्विस प्रोवाइडर कॉल-ब्लॉकिंग टूल देते हैं, जो स्पेसिफिक नंबरों को ब्लॉक करने की परमिशन देते हैं।
• कई फोन ऐप जैसे ट्रूकॉलर आपको स्पेसिफिक नंबरों या कॉलों को ब्लॉक करने की अनुमति देते हैं। ऐसे ऐप्स में अक्सर स्पैम नंबरों का एक डेटाबेस होता है, जो आपको अनजान कॉल को पहचानने और ब्लॉक करने में मदद करता है।
• कई स्मार्टफोन में कॉल-ब्लॉकिंग सुविधा होती है, जो आपको स्पेसिफिक नंबरों या कॉल्स को ब्लॉक करने की अनुमति देती है। इस सुविधा का उपयोग करने के लिए आपको अपने फोन की कॉल-ब्लॉकिंग लिस्ट में उस फोन नंबर को जोड़ना होगा, जिसे आप ब्लॉक करना चाहते हैं।




Comments