मेंटेनेंस के दौरान 2021 में हुई थी घटना
टेक्सास/ टेस्ला की गीगा टेक्सास फैक्ट्री में इंसान पर रोबोट के हमले की बात सामने आई है। डेली मेल ने अपनी रिपोर्ट में इसका खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 10 नवंबर, 2021 की है, जिसमें इंजीनियर को गंभीर चोटें आईं थीं।
ये घटना फैक्ट्री के उस हिस्से में हुई थी, जहां वाहन की चेसिस को असेंबल किया जाता है। यहां फैक्ट्री में काम कर रहे एक खराब रोबोट ने हमला कर दिया था। यह घटना सेफ्टी और ऑटोमेशन से जुड़े जोखिमों के बारे में चिंता को बढ़ाती है।
रिपोर्ट के अनुसार, फैक्ट्री में मौजूद लोगों ने बताया कि रोबोट ने टेस्ला इंजीनियर पर तब हमला किया, जब वह पास के अन्य रोबोटों के लिए सॉफ्टवेयर प्रोग्रामिंग कर रहा था। इस दौरान इंजीनियर ने मेंटेनेंस के लिए रखे दो रोबोट को बंद कर दिया था, लेकिन गलती से एक रोबोट चालू रह गया था।
उस रोबोट के पंजे इंजीनियर की पीठ और बांह में घुस गए थे, जिससे फैक्ट्री की फर्श पर 'खून का निशान' रह गए थे। हमला करने वाले रोबोट को एल्यूमीनियम कार के हिस्सों को पकड़ने और ट्रांसफर करने के लिए डिजाइन किया गया था।
- फेडरल रेगुलेटर को सौंपी रिपोर्ट में कंपनी ने बताई घटना
कंपनी ने ट्रैविस काउंटी और फेडरल रेगुलेटर को सौंपी एक चोट रिपोर्ट में इंजीनियर की चोटों को 'रोबोट' के कारण हुई 'चोट, कटे, खुले घाव' के रूप में डिस्क्राइब किया गया है।
कंपनी का कहना था कि चोट इतनी गंभीर नहीं थी कि कर्मचारी को काम से छुट्टी लेनी पड़े। टेस्ला ने अभी तक इस मामले पर कोई ऑफिशियल बयान जारी नहीं किया है।
- पिछले साल फैक्ट्री में हुआ था विस्फोट
अमेरिकी व्यावसायिक सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रशासन को सौंपी गई एक चोट रिपोर्ट में कंपनी पर आरोप लगाया गया कि गीगा टेक्सास फैक्ट्री में पिछले साल हर 21 कर्मचारी में से एक को चोट लगी थी।
पिछले साल एक कर्मचारी के सिर पर मेटल गिरने से चोट लगी थी, जिससे उसे 85 दिन तक काम छोड़ना पड़ा था। इसी साल टेस्ला के मॉडल Y के अंडरबॉडी का प्रोडक्शन करने वाले कास्टिंग एरिया में एक विस्फोट भी हुआ था।

Comments