Skip to main content

माइक्रोसॉफ्ट फाउंडर बिल गेट्स ने बनाई रोटियां, शेफ एटन बर्नथ ने दिए टिप्स; नरम रोटियां कैसे बनती है, गूंथा आटा फ्रिज में रखे या नहीं जानते हैं

माइक्रोसॉफ्ट फाउंडर बिल गेट्स का रोटी बनाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। देखा तो होगा आपने। उनके साथ अमेरिकी शेफ एटन बर्नथ भी हैं। शेफ एटन बर्नथ बिल गेट्स को रोटियां बनाना सिखा रहे हैं। गेट्स चम्मच से आटा गूंथते हैं और फिर रोटिंया बेलते हैं। शेफ की रोटी तो गोल बनती है लेकिन गेट्स की थोड़ी लंबी। गोल और नरम रोटी बनाना भारत में किसी परंपरा से कम नहीं। तभी तो आज भी कई लोग शादी के लिए रिश्ते की बात शुरू होते ही लड़कियों से पूछते हैं… ‘क्यों बेटा रोटी बनानी आती है न।’

बहू भले ही साइंटिस्ट क्यों न हो, भारतीय ससुराल में एक न एक व्यक्ति को रोटी बनाने की चिंता हो ही जाती है। अगर रोटी बनानी आ रही है तब यह ताना मिलता है कि मुलायम नहीं है, गोल नहीं बनी, थोड़ी सी जल गई है।

जरूरत की खबर में नरम रोटी बनाने की ट्रिक्स की बात करेंगे। रोटी पर घी लगाकर खाना हेल्दी है कि नहीं ये भी जानेंगे, डॉ निधी पांडे, डायटीशियन, भोपाल और शेफ निशा मधुलिका से।

आज के जमाने में रोटी बनाना सिर्फ लड़कियों का काम नहीं इसलिए इस खबर को लड़के भी जरूर पढ़ें।


सवाल: गेहूं के आटे से बनी एक रोटी में कितनी कैलोरीज होती हैं?

जवाब: गेहूं के आटे से बनी एक मीडियम साइज की रोटी में करीब 70 कैलोरीज होती हैं।

सवाल: ऐसा सुना है कि रोटी पर घी लगाकर खाना नुकसानदेह होता है। यह बात कितनी सही है?

जवाब: नहीं, यह गलत धारणा है। रोटी पर घी लगाकर खाना नुकसानदेह नहीं है। बशर्तें, घी शुद्ध होना चाहिए या फिर घर पर बना होना चाहिए। आजकल मार्केट में बहुत से मिलावट वाले घी मिलते हैं जिनसे बचने की जरूरत है।

बच्चों को भी घी, गुड़, रोटी दे सकते हैं। यह परांठे से बहुत बेहतर है क्योंकि जब घी से परांठा सेंकते हैं तो धुआं उठता है। इस तरह घी ट्रांस फैट में जल जाता है जो हमें नुकसान पहुंचाता है।

सवाल: क्या यह सही है कि रोटी बनाने वाले आटे से चोकर अलग नहीं करना चाहिए?

जवाब: जिन्हें मल्टीग्रेन रोटी खानी होती हैं, उन्हें आटे से चोकर अलग नहीं करना चाहिए। गेहूं का आटा बहुत बारीक पिसा नहीं होना चाहिए। उसमें चोकर मिला रहने दे सकते हैं। चोकर में फाइबर होता है जो डाइजेस्टिव सिस्टम के लिए अच्छा होता है। वहीं अगर कीड़े का डर है तो चोकर अलग कर सकते हैं।

सवाल: रोटी कितनी तरह की होती है और कौन सी रोटी खाना स्वास्थ्य के लिए अच्छी होती है?

जवाब: गेहूं, बाजरा, जौ, मक्का, रागी, चावल, कोदो-कुटकी, कुट्टू या मल्टीग्रेन रोटी हो सकती है। गेहूं की रोटी से लोगों ने इसलिए परहेज करना शुरू कर दिया क्योंकि उसमें ग्लूटेन होता है। पिछले कुछ सालों में गेहूं की न्यूट्रीशनल वैल्यू कम होती जा रही है।

जो भी रोटी गर्म-गर्म आप खा सकते हैं वो स्वास्थ्य के लिए अच्छी है।

सवाल: क्या रात का आटा सुबह इस्तेमाल करने से कोई नुकसान है?

जवाब: हां, रात का या बासी आटे की रोटी नहीं खानी चाहिए। ज्यादातर लोग गेहूं का ही आटा इस्तेमाल करते हैं। इससे डाइजेशन में परेशानी, कब्जियत, गैस, एसिडिटी जैसी समस्या हो सकती है। कब्जियत का सीधा संबंध दिमाग और आंखों के स्वास्थ्य से जुड़ा है। ऐसे में अगर आपको लंबे समय तक कब्जियत है तो आंखों और दिमाग पर भी असर पड़ सकता है।

सवाल: रात के आटे से बनी रोटियां सुबह खट्टी लगने लगती हैं। क्या इसके लिए कोई उपाय है?

जवाब: सुबह अगर बासी आटा इस्तेमाल कर रहे हैं तो अपनाएं ये टिप्स…

सबसे पहले रात के आटे पर जमी कड़क परत को हटा दें।

इसके बाद उस आटे को गर्म पानी से एक बार गूंथ लें।

बासी आटे से बनी रोटी को तेज आंच पर न सेंकें।

बासी आटे में नमक-मिर्च मिलाकर परांठे भी बना सकते हैं।

अगर आटा खट्टा हो गया है तो ऐसे करें यूज…

आटे में थोड़ा सा खमीर मिलाकर कुछ देर के लिए रख दें। इसके बाद इसे बेक करके ब्रैड बना सकते हैं।

खट्टे आटे को पतला करके और इसमें कुछ मसाले डालकर डोसा बना सकते हैं।

इसमें पानी और खमीर मिलाकर रातभर के लिए रख दें। इसके बाद इसकी जलेबी बना सकते हैं।

गूंथे हुए आटे को ऐसे करें स्टोर तो नहीं होगा खराब…

आटा गूंथते समय ज्यादा पानी का इस्तेमाल न करें। इससे वह जल्दी खराब नहीं होगा।

गूंथते समय आटे में थोड़ा तेल या घी मिला लें।

आटे को गूंथने के लिए दूध का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इससे वह लंबे समय तक सॉफ्ट बना रहेगा।

गूंथे हुए आटे को फ्रिज में खुला न रखें। किसी एयर टाइट डिब्बे में बंद करके इसे फ्रिज में स्टोर करें।

आटे को प्लास्टिक रैप या एल्यूमिनियम फोइल से भी कवर कर सकते हैं।

आटे के ऊपर घी या तेल की एक पतली लेयर लगा दें। इससे आटा खराब नहीं होगा और लंबे समय तक उससे सॉफ्ट रोटियां बनेंगी।

सवाल: आटा गूंथने के लिए गर्म पानी का इस्तेमाल करें या ठंडे पानी का?

जवाब: आटे को गूंथने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल बेस्ट होता है। इससे रोटियां सॉफ्ट और फ्लफी बनती हैं।

सवाल: मेरी रोटियां पकने के कुछ देर बाद ही कड़क हो जाती हैं। क्या करूं?

जवाब: इन टिप्स को फॉलो करेंगे तो रोटी नहीं होगी कड़क…

आटा गूंथते हुए नमक या तेल की जगह घी का इस्तेमाल करने से रोटियां मुलायम बनेंगी।

आटे को मुलायम गूंथे और चिकना कर लें।

आटा सेट होने के बाद उसे किसी गीले कपड़े से ढककर रखें।

रोटी बेलते हुए बार-बार सूखा आटा न लगाएं। तवे पर रोटी डालने से पहले एक बार सूखा आटा अच्छी तरह झाड़ लें।

रोटी बेलकर तवे पर न छोड़ें। तुरंत तवे पर डाल दें। हवा लगने से रोटी कड़क हो जाती है।

सवाल: मेरा मल्टीग्रेन आटे से बनी रोटियां हमेशा कड़क ही बनती हैं। क्या इन्हें मुलायम करने का कोई उपाय है?

जवाब: अच्छी मल्टीग्रेन रोटियां बनाने के लिए अच्छी तरह से आटा गूंथना बहुत जरूरी है।

इस तरह गूंथे मल्टीग्रेन आटा ताकि रोटियां सॉफ्ट बनें…

जिस बर्तन में आटा गूंथ रहे हैं उसमें गेहूं, बाजरा, ज्वार, मक्का और चने का आटा डाल लें। गेहूं का आटा ज्यादा लें।

आटे में स्वादानुसार नमक डाल लें।

अब इसे थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालकर गूंथना शुरू करें।

आटा गूंथने के बाद उसे गीले कपड़े से ढककर सेट होने के लिए रख दें।

ऐसे बनाएं मल्टीग्रेन आटे से रोटियां…

आटे से एक साइज की लोईयां बना लें।

इस बीच गैस पर तवा रखकर उसे गर्म होने दें।

एक प्लास्टिक रैप को फैलाकर उसपर तेल या घी लगा लें।

प्लास्टिक रैप पर रोटी रखकर बेलना शुरू करें।

इसके बाद रोटी तवे पर डालकर सेंकें।

हल्की ब्राउन होने के बाद रोटी को सीधे आंच पर सेंकें।

रोटियों में घी लगाकर सर्व करें।

सवाल: क्या रोटी, परांठे और पूरी के लिए अलग-अलग तरीके से आटा गूंथा जाता है?

जवाब: हां बिल्कुल। रोटी, परांठे और पूरी के लिए आटा अलग-अलग तरीके से गूंथा जाता है। परांठे का आटा रोटी के आटे के मुकाबले नर्म होता है। इसमें पानी का थोड़ा ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। परांठे का आटा कम से कम आधा घंटा पहले गूंथकर रख दें।

वहीं पूरी का आटा रोटी के आटे के मुकाबले सख्त गूंथा जाता है। इसमें चीनी की कुछ बूंदे डालने से पूरियां सफेद बूनेंगी। अगर स्टफ पूरी बनाना चाहते हैं तो आटा थोड़ा मुलायम रख सकते हैं।


सवाल: ऐसा क्या करूं कि मेरी हर रोटी फूली हुई बनें?

जवाब: रोटी को फूली-फूली बनाने के लिए गूंथने के बाद उसे 20 से 30 मिनट रखा रहने दें। आटे को गीले कपड़े या टॉवल से ढककर रखें। इसके अलावा गूंथने के बाद आटे पर जरा सा तेल या घी लगा दें।

सवाल: मेरा बच्चा रोटी नहीं खाता है। क्या कोई ऐसा तरीका है कि घर पर ही रोटी को थोड़ा दिलचस्प बना सकूं?

जवाब: यह एक कॉमन प्रॉब्लम है। छोटे बच्चे रोटियां नहीं खाते। मगर आप घर पर ही कुछ ट्रिक्स और टिप्स से रोटियों को दिलटस्प बना सकते हैं…

आटा गूंथते हुए उसमें बारीक कटी हुई प्याज, गाजर, गोभी जैसी सब्जियां डाल सकते हैं। दाल भी आटे में गूंथ सकते हैं।

सैंडविच बनाने के लिए ब्रेड की जगह रोटी का इस्तेमाल कर सकते हैं।

बच्चों को रोटी से रोल बनाकर भी खिला सकते हैं।

बची हुई रोटियों को काटकर उन्हें नूडल्स की तरह बनाकर बच्चों को सर्व कर सकते हैं।

बच्चे को उसकी फेवरेट सब्जी के साथ रोटी दें। कभी-कभी उसके लिए परांठा, तंदूरी या रूमाली रोटी बनाकर दें।

सवाल: तंदूरी रोटी और रूमाली रोटी के लिए आटा कैसे गूंथा जाता है?

जवाब: तंदूरी रोटी का आटा तैयार करने के लिए ये टिप्स करें फॉलो…


सबसे पहले आटे में बेकिंग पाउडर या बेकिंग सोडा मिला लें।

आटे में चीनी और मक्खन डालकर मिक्स कर लें।

अब आटे में दही और गरम पानी डालकर गूंथ लें।

आटा गूंथने के बाद उसे गीले कपड़े से ढककर किसी गर्म जगह पर रख दें।

इसके बाद इससे रोटियां बना सकते हैं।

रूमाली रोटी का आटा ऐसे करें तैयार


गेहूं का आटा और मैदा को आटा गूंथने के बर्तन में लें। इसमें मैदा की मात्रा 50 से 75 फीसदी तक रख सकते हैं।

इसमें नमक, बेकिंग पाउडर और दो चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।

अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर नर्म आटा गूंथ लें।

यह आटा नॉर्मल से थोड़ा ज्यादा नर्म रखा जाता है।

आटा गूंथने के बाद हाथ पर तेल लगाकर 6-7 मिनट तक आटा मसलते रहें। इससे आटा चिकना हो जाएगा।

आटे को 20 मिनट के लिए गीले कपड़े से ढककर रख दें।

अब इससे रूमाली रोटी तैयार कर सकते हैं।

चलते-चलते


रोटी पर झगड़े की पढ़ें 2 सच्ची कहानी


पति 20 सेंटीमीटर की रोटी बनाने पर करता था मजबूर, स्केल से नापता था

पुणे में रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कोर्ट में तलाक की अर्जी दी है।

महिला का आरोप है कि उनके पति ने न सिर्फ 20 सेंटीमीटर की रोटी बनाने के लिए मजबूर किया बल्कि वो स्केल से उसे नापते भी था। रोटी का साइज कम या ज्यादा होने पर उन्हें सजा भुगतनी पड़ती थी। उन्हें हर रोज के काम एक्सेल शीट में दर्ज करने पड़ते थे।


चूल्‍हे पर रोटी बनाना न आया तो पति-पत्नी का झगड़ा पहुंचा थाना और कोर्ट

शहर की लड़की को मिट्टी के चूल्हे पर रोटी बनाना नहीं आया। इसे लेकर पति और पत्नी के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस और कोर्ट तक पहुंच गया। पति चाहता है कि पत्नी पहले चूल्हे पर रोटी बनाना सीख जाए। पत्नी गैस के चूल्हे पर ही रोटी बना लेती है। इस बात पति रोज झगड़ा करता था। मामला थाने और कोर्ट पहुंचा।


Comments

Popular posts from this blog

नवाज शरीफ की रैली में पहुंचा असली टाइगर, पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज का इलेक्शन सिम्बल भी शेर

लाहौर/ पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की रैली में एक समर्थक असली टाइगर लेकर पहुंच गया। ‘समा न्यूज’ के मुताबिक- घटना सोमवार 22 जनवरी की है। दरअसल, शेर पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज (PML-N) का इलेक्शन सिम्बल भी है। ‘जियो न्यूज’ के मुताबिक- जैसे ही नवाज को रैली में समर्थक के टाइगर लाने की जानकारी मिली, उन्होंने फौरन इसे ‌वापस भेजने को कहा। बाद में पार्टी प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मरियम नवाज ने उर्दू में सोशल मीडिया पोस्ट किया। कहा- समर्थक इस तरह की हरकतें न करें। मामला क्या था नवाज शरीफ लाहौर की एनए-130 सीट से जनरल इलेक्शन लड़ रहे हैं। NA-130 के मायने हैं, नेशनल असेंबली सीट नंबर 130। बहरहाल, नवाज कैम्पेन रैली के लिए सोमवार शाम लाहौर पहुंचे। रैली में लाया गया टाइगर लोहे के पिंजरे में कैद था। लेकिन, इसको देखने के लिए भीड़ जुटने लगी। खबर लगते ही नवाज ने फौरन पार्टी के आला ओहदेदारों को इसे वापस भेजने को कहा। इसके बाद जो शख्स इसे लेकर आया था, वह इसे वापस भी ले गया। पार्टी प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा- नवाज पहले ही कह चुके हैं कि कोई असली टाइगर या कोई दूस...

उबलते पानी में 5 वर्षीय बेटे का सिर पका कर खा गई मिस्र की एक महिला

फाकुस/ मिस्र में एक महिला अपने 5 साल के बच्चे की हत्या कर उसका सिर खा गई। इसके बाद वहां की एक कोर्ट ने 30 सितंबर को उसे पागल घोषित किया है। महिला का नाम हना मोहम्मद हसन बताया गया है। घटना मिस्र के फाकुस इलाके की है। कोर्ट ने अपने फैसले में बताया कि आरोपी हना हसन ने अपने बच्चे को पागलपन की हालत में मार डाला। अब उसे मेंटल हॉस्टिपटल में रखा जाना चाहिए। सबूत मिटाने की कोशिश में बेटे यूसुफ के शरीर को टुकड़ों में काटा जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने एक छुरी ली और अपने घर के सभी दरवाजे और खिड़कियां बंद कर दी। फिर अपने बेटे के सिर पर तीन बार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हना ने सबूत मिटाने की कोशिश में यूसुफ के शरीर को टुकड़ों में काट दिया। खाना पकाने से पहले स्टोव पर उबलते पानी में बेटे का सिर और मांस के दूसरे टुकड़े डाले और खा लिए। परिवार को पानी की बाल्टी में बॉडी पार्ट्स मिले, तब शक हुआ कोर्ट ने अपने फैसले में बताया की आरोपी मां ने उसके बेटे को चाकू से मारकर उसका सिर पानी की बाल्टी में डाल दिया। कोर्ट ने बताया की युसुफ की हत्या के आरोप में उसकी मां पर तब शक हुई जब बच्चे के चाचा ने घ...